ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत, उपचार के दौरान हुआ निधन, गांव में शोक की लहर

नीमराना (रमेश चन्द), 12 मई 2026। शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के गांव जोनायचा खुर्द निवासी सेना में नायब सूबेदार स्वर्गीय मदनलाल के निधन पर बुधवार को पूरे गांव में शोक की लहर छा गई। सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

अंतिम संस्कार में मुंडावर विधायक ललित यादव शामिल हुए और दिवंगत नायब सूबेदार को श्रद्धासुमन अर्पित किए। विधायक ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया तथा कहा कि स्वर्गीय मदनलाल ने देश सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिसे क्षेत्र हमेशा याद रखेगा।

जानकारी के अनुसार, 43 वर्षीय नायब सूबेदार मदनलाल की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। बुधवार सुबह उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव जोनायचा खुर्द पहुंचा, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पूर्व सैनिक, ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में गमगीन माहौल रहा और सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।