
शाहजहांपुर (रमेश चन्द), 14 मई 2026। घीलौट औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। शाहजहांपुर-मांडन रोड पर खाली ऑक्सीजन सिलेंडरों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद बीच सड़क पर पलट गई। गनीमत रही कि हादसे में चालक सुरक्षित बच गया और कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया।

जानकारी के अनुसार, पिकअप चालक धर्मेंद्र निवासी घीलौट खाली ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में वाहन का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार पिकअप डिवाइडर से टकराकर बीच सड़क पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही शाहजहांपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी प्रक्रिता सिंह ने बताया कि दुर्घटना स्थल मांडन थाना क्षेत्र में आने के कारण तत्काल मांडन पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद मांडन थाना प्रभारी किरण सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।पुलिस ने क्रेन की सहायता से पलटी हुई पिकअप को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात को पुनः सुचारू कराया गया। हादसे में चालक को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई, जिससे सभी ने राहत की सांस ली।