महाराणा प्रताप जयंती शोभायात्रा में शामिल होने भिवाड़ी पहुंचे करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना, नीमराना में कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

नीमराना (रमेश चन्द), 14 मई 2026। महाराणा प्रताप जयंती के पावन अवसर पर भिवाड़ी में आयोजित होने वाली भव्य शोभा यात्रा में शामिल होने के लिए श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना बुधवार को भिवाड़ी के लिए रवाना हुए। इस दौरान नीमराना में कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना सुबह करीब 10:20 बजे नेशनल हाइवे-48 स्थित होटल आइरिश, नीमराना पहुंचे। यहां खैरथल-तिजारा जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह पदमाडा, कोटपूतली-बहरोड़ जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तथा नीमराना तहसील अध्यक्ष शंकर सिंह के नेतृत्व में राजपूत समाज के 25-30 कार्यकर्ताओं ने उनका साफा और माल्यार्पण कर स्वागत किया।

स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘जय महाराणा’, ‘जय भवानी’ और ‘जय राजपूताना’ के गगनभेदी नारे लगाए। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए महाराणा प्रताप के शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को महाराणा प्रताप के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र सेवा में योगदान देना चाहिए।

करीब 20 मिनट के संक्षिप्त प्रवास के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना सुबह 10:40 बजे भिवाड़ी के लिए रवाना हो गए, जहां वे महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित शोभा यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।इस अवसर पर करणी सेना के पदाधिकारियों के साथ क्षेत्र के कई गणमान्य लोग एवं युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *