नीमराना (रमेशचंद), मंगलवार सुबह। नीमराना स्थित होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल में मंगलवार सुबह सिक्योरिटी गार्ड की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आपसी मतभेद के चलते स्कूल में ही रहने वाले एक व्यक्ति ने गार्ड पर हमला कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद आरोपी पूरा परिवार लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
जानकारी के अनुसार मृतक सुभाष चंद्र सेन निवासी भूनगडा अहीर स्कूल में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि स्कूल में ही रहने वाले रामप्रसाद, जो उत्तर प्रदेश का रहने वाला है, से सुबह किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि रामप्रसाद ने सुभाष चंद्र सेन पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रामप्रसाद स्कूल परिसर में ही अपने पूरे परिवार के साथ रहता था। हत्या के बाद वह पत्नी और बच्चों सहित सुबह से ही फरार है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने रामप्रसाद और उसके परिवार को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कराई गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के सटीक कारणों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस वारदात से स्कूल और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।