नीमराना में शहनाई की गूंज: श्रीरामनाथ अलग सेवा समिति के 13वें सर्वसमाज सामूहिक विवाह सम्मेलन में 11 जोड़े बने हमसफर, दूल्हों की भव्य निकासी ने खींचा सबका ध्यान

नीमराना (रमेशचंद), 26 अप्रैल 2026। कस्बे के आर्य पब्लिक स्कूल प्रांगण में रविवार को श्री रामनाथ अलग सेवा समिति द्वारा 13वां सर्वसमाज सामूहिक विवाह सम्मेलन हर्षोल्लास से संपन्न हुआ। सम्मेलन में 11 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर सात फेरे लिए। आयोजन का मुख्य आकर्षण रही 11 दूल्हों की एक साथ निकाली गई भव्य निकासी, जो कस्बे में चर्चा का विषय बन गई। लोगों ने इस सामाजिक सरोकार की पहल को खुले दिल से सराहा।

श्रीराम प्लाजा से रवाना हुई निकासी, विधायक ने दिखाई हरी झंडी
सम्मेलन से पूर्व समस्त दूल्हों को श्रीराम प्लाजा में स्वागत के लिए रोका गया। वहां से मुंडावर विधायक ललित यादव, बाबा गरीब नाथ आश्रम नीमराना के महंत श्री श्री 108 इकसार नाथ महाराज, नगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट वेद प्रकाश सैनी, पूर्व सरपंच सतीश मुद्गल, समाजसेवी कर्मपाल सिंह चौहान, राष्ट्रीय बहुजन सामाजिक परिसंघ के प्रदेश महासचिव महावीर प्रसाद चर्खिया व नगर कांग्रेस उपाध्यक्ष संजय यादव ने निकासी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। घोड़ी पर सवार दूल्हे बैंड-बाजे, ढोल-डीजे के साथ पारले स्कूल, कृष्णा टावर, पंचायत समिति सहित मुख्य मार्गों से होते हुए आयोजन स्थल पहुंचे। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर निकासी का स्वागत किया। विधायक ललित यादव ने कहा कि सामूहिक विवाह की यह पहल दहेज प्रथा के खिलाफ बड़ा कदम है।

भामाशाहों ने दिल खोलकर किया कन्यादान
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लॉर्ड्स क्रिएटिव ग्रुप नई दिल्ली एवं लॉर्ड्स प्रॉपर्टीज नीमराना के मैनेजिंग डायरेक्टर हर्षदीप सिंह रहे। अध्यक्षता नगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट वेदप्रकाश सैनी ने की। मुख्य अतिथि हर्षदीप सिंह ने सभी 11 नवविवाहित जोड़ों को इलेक्ट्रिक स्कूटी भेंट कीं। विशिष्ट अतिथि नीमराना लघु उद्योग भारतीय इकाई अध्यक्ष शशांक भारद्वाज ने प्रत्येक कन्या को पांच ज्वेलरी आइटम कन्यादान स्वरूप दिए। रैफल्स यूनिवर्सिटी चेयरपर्सन जस्टिस डॉ. मीना वी. गोम्बर ने 11 फ्रिज, 11 एलईडी टीवी व 11 सिलाई मशीन प्रदान कीं। सीनायटी कंपनी की ओर से 8 अलमारी भेंट की गईं। भोजन की व्यवस्था एडवोकेट वेद प्रकाश सैनी की ओर से की गई।

गणमान्य अतिथियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में समिति संरक्षक एवं कनाडा निवासी अनिल कुमार अलग, पूर्व प्रधान सविता मनोज यादव, एडवोकेट राकेश कुमार यादव, बाबा शिव स्वरूप गौशाला अध्यक्ष शिक्षाविद वीरेंद्र मास्टर, जिला पार्षद दावेदार ईश्वर यादव रोडवाल, एबीवीपी के अभिषेक कौशिक, किन्नर समाज की बहनें, समाजसेवी विनोद यादव प्रतापसिंहपुरा, अंकित यादव फौलादपुर, विकास यादव प्रतापसिंहपुरा, आर्य पब्लिक स्कूल निदेशक रविंदर यादव, सोनी देवी अस्पताल के डॉ. गजराज यादव, आजाद समाज पार्टी जिला अध्यक्ष एडवोकेट रविंद्र सामरिया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य मौजूद रहे। मंच संचालन नागेंद्र खंडेलवाल थोई ने किया।

समिति के प्रदेश अध्यक्ष रामावतार वर्मा, उपाध्यक्ष महावीर प्रसाद चर्खिया, पत्रकार सुनील रांगेरा, बाबूलाल चर्खिया, शिक्षाविद नोतराम अध्यापक, संजय यादव, एडवोकेट ममता शर्मा, राजस्थान मेघवाल परिषद महिला जिला अध्यक्ष माया देवी ने अतिथियों को 51 किलो की माला, साफा व मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।

क्या बोले अतिथि

मुख्य अतिथि हर्षदीप सिंह: “श्री रामनाथ अलग सेवा समिति द्वारा नीमराना में सामूहिक सर्वजातीय विवाह सम्मेलन का आयोजन बहुत बड़ा संदेश है। समिति ने 11 जोड़ों का विवाह कराकर सामाजिक सरोकार का शानदार कार्य किया है। ऐसे कार्यों में मैं सदैव सेवा में हाजिर रहूंगा।”

विशिष्ट अतिथि शशांक भारद्वाज: “समिति द्वारा एक साथ 11 जोड़ों का विवाह कराना काबिले तारीफ और बड़ी उपलब्धि है। समिति बहुत पारदर्शिता व ईमानदारी से कार्य कर रही है। प्रत्येक सम्मेलन का पूरा विवरण पेश कर ईमानदारी का परिचय दिया है। सहयोग करने वाले सभी भामाशाहों का धन्यवाद।”

जस्टिस डॉ. मीना वी. गोम्बर: “समिति सामाजिक सरोकारों में अच्छा कार्य कर रही है। इसके लिए धन्यवाद देती हूं तथा सदैव समिति के सामाजिक कार्यों में सहयोग के लिए तत्पर रहूंगी।”

एडवोकेट राकेश कुमार यादव: “इस आर्थिक युग में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में जोड़ों का विवाह होना बड़ी बात है। यह सम्मेलन समाज में अच्छा संदेश दे रहा है। बहुत कम खर्चे में विवाह सम्मेलन आयोजित हुआ। भामाशाहों का धन्यवाद व नवविवाहित जोड़ों को हार्दिक शुभकामनाएं।”

अध्यक्ष एडवोकेट वेद प्रकाश सैनी: “समिति ने सामाजिक सरोकार के कार्य से नीमराना में जो नेक कार्य की चिंगारी लगाई है, वह आने वाले समय में विस्फोटक रूप लेगी। लोग अधिक से अधिक संख्या में समिति से जुड़ेंगे। सभी प्रबुद्ध लोगों से अपील है कि सामाजिक सरोकार के लिए लोगों को जागरूक करें। फिजूल खर्च से बचने के लिए यह अनोखी पहल है, मैं इसका स्वागत करता हूं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *