राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस पर सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों का पुलिस लाइन कोटपूतली में सम्मान

नीमराना (रमेशचंद), 16 अप्रैल 2026। राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को पुलिस लाइन कोटपूतली में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजस्थान पुलिस सेवा निवृत्त संस्थान के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कार्यक्रम में शिरकत की।

संस्थान के जिला संरक्षक जगमाल सिंह और जिला अध्यक्ष पृथ्वी सिंह यादव के नेतृत्व में कार्यकारिणी सदस्य राजेंद्र सिंह यादव, रमेश चंद शर्मा, पूरणमल जोशी, देवदास शर्मा, ताराचंद सहित बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी आयोजन में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक कोटपूतली-बहरोड़ का संस्थान की ओर से सम्मान किया गया। जिला संरक्षक जगमाल सिंह यादव (सब इंस्पेक्टर) एवं जिला अध्यक्ष पृथ्वी सिंह यादव ने जिला पुलिस अधीक्षक को गुलदस्ता भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों ने पुलिस विभाग में अपने अनुभव साझा किए और वर्तमान पुलिस बल को राजस्थान पुलिस के गौरवशाली इतिहास से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस ने सदैव कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनता की सेवा में अग्रणी भूमिका निभाई है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सेवानिवृत्त सदस्यों ने पुलिस स्थापना दिवस की बधाई दी और विभाग के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *