नीमराना (रमेशचंद), 16 अप्रैल 2026। सोनी देवी मेमोरियल हॉस्पिटल, नीमराना की डायरेक्टर डॉ. दीपिका यादव के नेतृत्व में “अस्पताल आपके द्वार” मुहिम के तहत गुरुवार को ग्राम न्यायालय परिसर, नीमराना में निःशुल्क हेल्थ चेकअप एवं परामर्श कैंप का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य अधिवक्ताओं एवं कोर्ट कर्मचारियों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था।

कैंप में अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों के लिए निःशुल्क बी.पी., शुगर सहित अन्य आवश्यक जांचें की गईं और जरूरत के अनुसार दवाइयों का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर डॉ. दीपिका यादव ने बार संघ को आयुष्मान, भामाशाह, ECHS, RGHS, ESIC पैनल के तहत मिलने वाले निःशुल्क इलाज की जानकारी दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि अस्पताल में वकीलों के इलाज में यथासंभव कन्सेशन दिया जाएगा।

इस दौरान अभिभाषक संघ, नीमराना के अध्यक्ष उदय सिंह यादव ने समस्त अधिवक्ताओं के साथ डॉ. दीपिका यादव को पुष्पगुच्छ भेंट कर माला व साफा पहनाकर स्वागत किया। साथ में आई डॉक्टरों की टीम का भी भव्य स्वागत किया गया।

अभिभाषक संघ, नीमराना के सचिव राकेश यादव ने बताया कि हेल्थ चेकअप में बार संघ के अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सचिव राकेश यादव ने डॉ. दीपिका यादव से मांग की कि भविष्य में भी समय-समय पर इसी प्रकार हेल्थ चेकअप कैंप, ब्लड डोनेशन एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इस अवसर पर अभिभाषक संघ, नीमराना के बड़ी संख्या में अधिवक्तागण मौजूद रहे और अस्पताल प्रबंधन की इस पहल की सराहना की।