नीमराना में बाबा गरीब नाथ महाराज मंदिर पर रविवार को भव्य मेला एवं भंडारा, शनिवार रात होगा सत्संग

महंत इकसार नाथ महाराज ने दी जानकारी, श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील

नीमराना (रमेशचंद्), 7 मई 2026। कस्बे के प्रसिद्ध बाबा गरीब नाथ महाराज मंदिर पर रविवार को वार्षिक मेला एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंदिर के महंत इकसार नाथ महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र सहित दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

महंत इकसार नाथ महाराज ने बताया कि रविवार को दिनभर मंदिर परिसर में मेला लगेगा और श्रद्धालुओं के लिए भंडारे के प्रसाद की व्यवस्था की गई है। इससे पूर्व शनिवार रात को स्थानीय कलाकारों द्वारा सत्संग एवं भजन की मनोहारी प्रस्तुतियां दी जाएंगी। रातभर चलने वाले भजन-कीर्तन में श्रद्धालु बाबा गरीब नाथ महाराज की महिमा का गुणगान करेंगे और भक्ति रस में डूबे नजर आएंगे।

मंदिर समिति द्वारा मेले और भंडारे की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और पार्किंग के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। महंत इकसार नाथ महाराज ने क्षेत्रवासियों और सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मेले, भंडारे और सत्संग का पुण्य लाभ उठाएं। हर वर्ष की भांति इस बार भी आयोजन में हजारों भक्तों के जुटने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *