नगर अध्यक्ष वेद प्रकाश सैनी के नेतृत्व में वामिका और अवनी को भेंट किए मोमेंटो, खिलौने व मिठाइयां
नीमराना, (रमेश चन्द) 9 मई 2026। नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे ‘बेटी के जन्म को उमंग उत्सव’ अभियान के तहत शनिवार को ग्राम दौलतसिंहपुरा में दो नवजात बालिकाओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। नगर कांग्रेस अध्यक्ष वेद प्रकाश सैनी के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों ने गांव पहुंचकर बेटियों और उनके परिजनों को माला पहनाकर, मोमेंटो, खिलौने एवं मिठाइयां भेंट कर मान-सम्मान किया।

इस अवसर पर रिंकू यादव और माता अनु देवी की पुत्री वामिका तथा दादा सुरेश चंद एवं दादी सुमन देवी का सम्मान किया गया। वहीं तरुण कुमार और प्रीति देवी की पुत्री अवनी तथा दादा विजेंद्र यादव एवं दादी प्रमिला देवी को माला पहनाकर बधाई दी गई। कांग्रेस पदाधिकारियों ने दोनों परिवारों को बेटी के जन्म पर शुभकामनाएं दीं और कहा कि बेटियां परिवार व समाज का गौरव हैं।

नगर कांग्रेस अध्यक्ष वेद प्रकाश सैनी ने कहा कि कांग्रेस कमेटी का उद्देश्य बेटियों के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना है। ‘उमंग उत्सव’ के जरिए हम यह संदेश देना चाहते हैं कि बेटी का जन्म किसी उत्सव से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए कांग्रेस कमेटी लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।

कार्यक्रम में नगर कांग्रेस उपाध्यक्ष महावीर चर्खिया, नगर उपाध्यक्ष संजय कुमार, महासचिव संजय कुमार, मीडिया प्रभारी प्रशांत शर्मा, सचिव संजय कुमार यादव, देवेंद्र कुमार जोशी सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने नगर कांग्रेस की इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन से समाज में बेटियों के प्रति सम्मान बढ़ेगा।
