बाबा गरीब नाथ मंदिर में वार्षिक मेला एवं भंडारा संपन्न, भक्तों ने उठाया पुण्य लाभ

शनिवार रात हुआ भजन-सत्संग, रविवार रात हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम; दिनभर चला देसी घी का भंडारा

नीमराना (रमेश चंद), 11 मई 2026। कस्बे के प्रसिद्ध बाबा गरीब नाथ महाराज मंदिर पर रविवार को वार्षिक मेला एवं विशाल भंडारे का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। मेला कमेटी के अध्यक्ष मास्टर नोत राम निंबोरिया ने बताया कि दिनभर चले इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र सहित दूर-दराज से हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर बाबा का आशीर्वाद लिया और प्रसाद ग्रहण किया।

इससे पूर्व शनिवार रात को मंदिर परिसर में भजन-सत्संग का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने मनोहारी प्रस्तुतियां दीं। रातभर चले भजन-कीर्तन में श्रद्धालु बाबा गरीब नाथ महाराज की महिमा का गुणगान करते हुए भक्ति रस में लीन नजर आए।

रविवार को दिनभर मंदिर परिसर में मेले का माहौल रहा। श्रद्धालुओं के लिए देसी घी के भंडारे के प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई थी। साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए मंदिर समिति की ओर से मीठे पानी और ठंडे पानी की प्याऊ भी लगाई गई, जिससे श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली।

मेला कमेटी के अध्यक्ष मास्टर नोत राम निंबोरिया ने बताया कि रविवार रात को भी मंदिर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं भजन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांधा।

राजस्थान मेघवाल परिषद के जिला संयोजक महावीर प्रसाद चर्खिया वह गिर्राज समरिया  के सहयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पार्किंग और अन्य सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। हर वर्ष की भांति इस बार भी आयोजन में हजारों भक्तों ने भाग लेकर पुण्य लाभ कमाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *