‘जय बाबा भौमिया’: मोहलडिया में 8वां मेला व विशाल भंडारा श्रद्धा से संपन्न, देशी घी के दाल-बाटी चूरमा का हजारों भक्तों ने चखा स्वाद

नीमराना (रमेशचंद), 30 अप्रैल 2026। नगरपालिका नीमराना के मोहलडिया स्थित बाबा भौमिया मंदिर प्रांगण में गुरुवार को बाबा भौमिया का 8वां वार्षिक मेला व विशाल भंडारा श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी देशी घी के दाल-बाटी-चूरमा का विशाल भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें हजारों भक्तजनों ने प्रसाद ग्रहण कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।

सुबह 10 बजे से शुरू हुआ प्रसाद वितरण, देर शाम तक लगी रही कतारें
आयोजक बाबा भौमिया कमेटी मोहलडिया व नगरपालिका नीमराना द्वारा प्रातः 10 बजे से देशी घी के भंडारे का प्रसाद वितरण शुरू किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। मित्रों-परिवार के साथ पहुंचे श्रद्धालुओं ने पहले बाबा भौमिया के दर्शन किए, फिर पंगत में बैठकर दाल-बाटी-चूरमा का प्रसाद ग्रहण किया। देर शाम तक भंडारा अनवरत चलता रहा।

रमेश कलवाडिया एंड पार्टी की रागनियों पर झूमे श्रोता
भंडारे के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ। प्रातः 11 बजे से हरियाणवी रागनी के बेताज कलाकार रमेश कलवाडिया एंड पार्टी ने विशाल रागनी कंपटीशन प्रस्तुत किया। कलाकारों ने बाबा भौमिया की महिमा और सामाजिक सरोकारों पर आधारित रागनियों से समां बांध दिया। ग्रामीण अंचल से आए सैकड़ों श्रोता देर तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।

कमेटी ने जताया आभार, ये रहे मौजूद
बाबा भौमिया कमेटी मोहलडिया के पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सभी भक्तजनों और भामाशाहों के सहयोग से मेला व भंडारा सफल रहा। इस अवसर पर राजस्थान मेघवाल परिषद के जिला संयोजक महावीर प्रसाद चर्खिया, राजवीर पूर्व सरपंच, राजवीर PTI, करण सिंह, रोहताश लंबरदार, ओमप्रकाश लंबरदार, लालाराम सेठ, मनोहर लाल, सिंघाराम, बुधराम, सोमदत्त, बलवंत PTI एवं समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे। कमेटी ने सभी सहयोगियों, सेवादारों और श्रद्धालुओं का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *