नीमराना औद्योगिक क्षेत्र में वेतन वृद्धि को लेकर मजदूरों का उग्र प्रदर्शन, 6 श्रमिक हिरासत में; प्रशासन ने की समझाइश

नीमराना (रमेशचंद), 20 अप्रैल 2026। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को वेतन वृद्धि की मांग को लेकर मजदूरों ने जोरदार प्रदर्शन किया। इंडियन और जापानी जोन की कंपनियों हेलोज पैकेजिंग और एस्टमो के बाहर बड़ी संख्या में मजदूर इकट्ठा हुए और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि लंबे समय से उनके वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। मजदूरों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के कारण परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है, जबकि प्रबंधन उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रहा है।

प्रदर्शन के दौरान कुछ मजदूरों के उग्र होने का प्रयास करने पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए 6 लोगों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए साथियों को छुड़वाने के लिए कंपनी मजदूर सभा कर सैकड़ों वर्कर्स नीमराना थाने की ओर कूच करने लगे। हालांकि पुलिस प्रशासन ने उन्हें थाने से करीब 100 मीटर पहले ही रोक लिया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नीमराना एसडीएम महेंद्र सिंह यादव, एडिशनल एसपी सुरेश खींची, नीमराना डीएसपी चारुल गुप्ता और थाना प्रभारी राजेश मीणा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने की अपील की और मजदूरों से वार्ता की। मजदूरों के समर्थन में सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के लोग भी मौके पर पहुंचे। भीम आर्मी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र मेहरा और अलवर जिला परिषद के वार्ड नंबर 8 से कांग्रेस प्रत्याशी रहे संदीप यादव फौलादपुरिया ने भी पुलिस प्रशासन से मजदूरों की मांगों को लेकर बातचीत की।

कंपनी मजदूरों की मुख्य मांग है कि उनकी सैलरी बढ़ाई जाए और हिरासत में लिए गए 6 कंपनी श्रमिकों को रिहा किया जाए। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों और प्रशासन के बीच समझाइश का दौर जारी रहा। मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर प्रशासन को पत्र भी सौंपा। गौरतलब है कि दो दिन पहले ही नीमराना की निडेक कंपनी में भी मजदूरों ने वेतन वृद्धि सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया था। लगातार हो रहे प्रदर्शनों से औद्योगिक क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *