शाहजहांपुर (रमेश चन्द), 14 मई 2026। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोटपूतली द्वारा तालुका विधिक सेवा समिति बहरोड़ के सानिध्य में ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक विधिक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत सांसेडी, सिरयानी, कुतीना, कांकर, घीलौट, नाघोड़ी सहित विभिन्न गांवों की चौपालों पर पहुंचकर ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों एवं सरकारी विधिक सेवाओं की जानकारी दी गई। 14 मई को आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पैरालीगल वॉलंटियर सुनील कुमार और कोर्ट कर्मचारी पुरुषोत्तम कुमार ने गांव-गांव जाकर ग्रामीणों को राष्ट्रीय लोक अदालत, बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणाम और उनसे संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से अवगत कराया।

कार्यक्रम में ग्रामीणों को बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जरूरतमंद, किसान, मजदूर, महिलाओं एवं पीड़ित व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता, सलाह तथा न्याय प्राप्त करने में सहयोग उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही लोक अदालतों के माध्यम से त्वरित एवं सुलभ न्याय व्यवस्था की जानकारी भी दी गई।

गूगलकोटा ग्राम पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान लोगों को कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, समाज में फैली कुरीतियों के खिलाफ कानूनों तथा नागरिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।ग्रामीणों ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा गांव-गांव पहुंचकर चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए इसे समाजहित में महत्वपूर्ण पहल बताया। साथ ही भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की मांग की, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोग अपने अधिकारों और कानून की जानकारी से अधिक जागरूक हो सकें।