नीमराना (रमेशचंद), 18 अप्रैल 2026। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना स्थित जापानी जोन औद्योगिक क्षेत्र की निडेक कंपनी में कर्मचारियों का धरना करीब 11 घंटे बाद समाप्त हो गया। रविवार सुबह 6 बजे कंपनी गेट पर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन शाम 5 बजे प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच कई दौर की वार्ता के बाद खत्म हुआ।

कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि, सैलरी कटौती नहीं करने, रविवार को अवकाश देने और ड्यूटी पर डबल भुगतान सहित कई मांगें रखीं। धरने के दौरान कर्मचारियों ने 12 घंटे की जगह 8 घंटे की ड्यूटी लागू करने, औसत वेतन 20 हजार रुपये करने, 26 दिन की ड्यूटी में एक दिन कम होने पर वेतन कटौती नहीं करने, कैंटीन की गुणवत्ता सुधारने और छुट्टी के दिन वेतन नहीं काटने की मांग उठाई। साथ ही प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों के व्यवहार को लेकर भी नाराजगी जताई गई।
नीमराना उपखंड अधिकारी महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में कई दौर की बातचीत कराई गई। शुरुआत में सहमति नहीं बन सकी, लेकिन बाद में प्रबंधन ने अधिकांश मांगों को मान लिया। वेतन वृद्धि के मुद्दे पर निर्णय के लिए कर्मचारियों को एक सप्ताह का समय दिया गया है।
प्रबंधन का बयान: सैलरी नहीं काटी जाएगी
कंपनी के एचआर हेड विनोद कौल ने कहा कि कर्मचारियों की कई मांगों पर सहमति बन गई है। सैलरी बढ़ोतरी के मुद्दे पर उच्च अधिकारियों से चर्चा के बाद निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि धरने के दिन किसी भी कर्मचारी की सैलरी नहीं काटी जाएगी।

धरने के दौरान मारपीट और तोड़फोड़ की घटनाएं
प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा तीन कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई। इसमें एक कर्मचारी के सिर में गंभीर चोट आई, जिसे बहरोड़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा कंपनी गेट पर सिक्योरिटी रूम के शीशे तोड़े गए और दो कर्मचारियों के वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान उपखंड अधिकारी महेंद्र सिंह यादव, तहसीलदार विक्रम सिंह, एडिशनल एसपी सुरेश कुमार सहित पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद रहा और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा रहा।