श्रावण मास की शुरुआत आज पहले सोमवार से हुई। अलवर शहर के त्रिपोलिया महादेव मंदिर समेत आसपास के सभी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखी गई।
त्रिपोलिया महादेव मंदिर में भोर के 5 बजे से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दोपहर तक मंदिर परिसर में भक्तों का रेला उमड़ता रहा। भक्तों ने “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों से माहौल को भक्तिमय बना दिया।
महिलाओं और पुरुषों ने दूध से भगवान शिव का अभिषेक किया। युवा भी लंबी कतारों में खड़े नजर आए। त्रिपोलिया महादेव मंदिर में दूध से अभिषेक करने की विशेष परंपरा है।
भक्त भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए उत्सुक दिखाई दिए। दूर-दराज से आने वाले भक्तों की आवाज से मंदिर परिसर “जय भोलेनाथ” के उद्घोष से गूंज उठा।
हालांकि, श्रावण के पहले सोमवार को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। उमस और गर्मी ने आम जनता की परेशानियां बढ़ा दीं। बारिश न होने के कारण उमस से हाल बेहाल है। अलवर जिले में अभी तक अच्छी बारिश नहीं हुई है, जिससे नदियों, नालों और बांधों में पानी की कमी बनी हुई है।