हेडलाइन: देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें सुबह 11 बजे तक
1. डोनाल्ड ट्रम्प पर फायरिंग, कान पर गोली लगी; शूटर मारा गया
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर पेंसिल्वेनिया के बटलर में रैली के दौरान गोली चलाई गई। जब वे मंच पर बोल रहे थे, तभी गोली चलने की आवाज सुनाई दी। ट्रम्प ने अपने दाहिने कान पर हाथ रखा और नीचे झुक गए। सीक्रेट सर्विस के एजेंट्स तुरंत ट्रम्प को कवर करने पहुंचे। जब वे उठे तो उनका चेहरा खून से सना था। शूटर को मार गिराया है।
2. अरविंद केजरीवाल के कोमा में जाने का खतरा: संजय सिंह
AAP सांसद संजय सिंह ने दावा किया है कि जेल में दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल का लगातार वजन घट रहा है। उन्होंने कहा है कि गिरफ्तारी के बाद से अब तक केजरीवाल का करीब 8.5 किलो वजन घट गया है। उन्होंने यह भी कहा कि जेल में रहने के दौरान नींद में 5 बार उनका शुगर लेवल गिरकर 50 तक आ चुका है।
3. बिहार में 7 नदियां उफान पर, महाराष्ट्र-कर्नाटक में रेड अलर्ट
बिहार में कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। 7 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। पिछले 48 घंटों में 25 लोगों की मौत बिजली गिरने से हुई है। यूपी में भी कई जिलों में बाढ़ है। करीब 20 लाख लोग प्रभावित हैं।
4. आज खोला जाएगा जगन्नाथ मंदिर का रत्न भंडार
ओडिशा के पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार को आज दोपहर 1 से 1:30 बजे के बीच खोला जाएगा। मंदिर का खजाना आखिरी बार 46 साल पहले 1978 में खोला गया था।
5. एक किलो टमाटर की औसत कीमत 67.65 रुपए, आलू-प्याज भी महंगे
देशभर में टमाटर, आलू और प्याज की कीमतें बढ़ रही हैं। डिपार्टमेंट ऑफ कंज्यूमर अफेयर्स के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को देश में एक किलो टमाटर की औसत खुदरा कीमत 67.65 रुपए पहुंच गई।
6. फर्जी निकाह केस में बरी होने के बाद भी गिरफ्तार हुए इमरान खान
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को फर्जी निकाह केस में बरी होने के 5 घंटे बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें तोशाखाना से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। खान फिलहाल रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं।
7. गर्लफ्रेंड की हत्या के प्रयास में CID अफसर अरेस्ट
सीआईडी उदयपुर जोन के AAO खड़क सिंह उर्फ सतीश जयपुर को पुलिस ने अरेस्ट किया है। सतीश पर प्रेमिका और उसके बेटे की हत्या की कोशिश का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, सतीश ने 10 दिन पहले ही दोनों को मारने का प्लान बना लिया था।
8. भारत ने जिम्बाब्वे से जीती टी-20 सीरीज
टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को चौथे टी-20 मैच में 10 विकेट से हरा दिया। यह भारतीय टीम की इस सीरीज में लगातार तीसरी जीत है। इस जीत से टीम इंडिया ने 5 मैचों की सीरीज में 3-1 की बढ़त के साथ सीरीज अपने नाम कर ली है।
9. अनंत-राधिका को पीएम मोदी ने आशीर्वाद दिया
मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत और राधिका मर्चेंट की शादी की आशीर्वाद सेरेमनी में पीएम नरेंद्र मोदी ने शिरकत की। इस फंक्शन में कई संत-महात्मा भी मौजूद थे।
10. तमिलनाडु बसपा चीफ की हत्या के आरोपी का एनकाउंटर
तमिलनाडु में बहुजन समाज पार्टी के चीफ के आर्मस्ट्रांग की हत्या के एक मुख्य आरोपी की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई। आरोपी तिरुवेंगदम पुलिस कस्टडी से भाग रहा था और एक पुलिसकर्मी पर हमला करने की कोशिश की थी।