गंडाला के मेन मार्केट में किराना दुकान में तोड़फोड़-आगजनी, हवाई फायर से फैली दहशत

नीमराना (रमेशचंद), 5 जून 2026। गंडाला गांव के मुख्य बाजार में गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे एक किराना दुकान में तोड़फोड़ और आगजनी की सनसनीखेज वारदात सामने आई। पीड़ित करण सिंह लोहराण ने एक दर्जन से अधिक असामाजिक तत्वों पर दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करने, आग लगाने और दहशत फैलाने के लिए हवाई फायर करने का आरोप लगाया है। दिनदहाड़े बाजार में हुई इस घटना से व्यापारियों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। एडिशनल एसपी सुरेश खींची, आरपीएस प्रशिक्षु डीएसपी पल्लवी गुप्ता और नीमराना थाना अधिकारी राजेश कुमार मीणा भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार, आसपास के दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए बाजार व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *