नीमराना में वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत जलदाय विभाग ने लगाई प्याऊ, जल संरक्षण का दिया संदेश

नीमराना (रमेश चन्द), 28 मई 2026। उपखंड नीमराना में जलदाय विभाग द्वारा वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के अंतर्गत गुरुवार को विशेष जल सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विभाग ने सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ लगाकर राहगीरों को शीतल जल उपलब्ध कराया और जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

अभियान के तहत कर्मचारियों ने क्षेत्र के प्रमुख जलाशयों की साफ-सफाई की। साथ ही विभिन्न स्थानों से पेयजल के नमूने एकत्र कर उनकी गुणवत्ता की जांच भी की गई, ताकि आमजन को शुद्ध पेयजल मिल सके। अधिकारियों ने लोगों को जल की बर्बादी रोकने, वर्षा जल संग्रहण और भूजल स्तर बढ़ाने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में अधिशासी अभियंता रामकिशोर यादव, सहायक अभियंता रामवीर वर्मा, कनिष्ठ अभियंता लोविंस गुप्ता, कनिष्ठ सहायक दिनेश यादव मौजूद रहे। इनके साथ सुभाष, राजसिंह, प्रताप सिंह, राधेश्याम पंडित, मनोज कुमार योगी, कृष्ण कुमार शर्मा सहित जलदाय विभाग के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित थे।

अधिशासी अभियंता रामकिशोर यादव ने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को जल के महत्व से जोड़ना है। गर्मी के मौसम में प्याऊ लगाना सेवा का माध्यम है, जबकि जलाशयों की सफाई और जल जांच से भविष्य की पेयजल सुरक्षा सुनिश्चित होती है।

विभाग ने आमजन से अपील की कि वे जल संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। नल खुले न छोड़ें, टपकते नलों को ठीक कराएं और वर्षा जल संचयन को बढ़ावा दें। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और जल बचाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *