प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर स्व. माया देवी की स्मृति में लगाया पीपल का वृक्ष
नीमराना (रमेश चंद), 10 मई 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरक अभियान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ से प्रेरित होकर मदर्स डे के शुभ अवसर पर रविवार को एनआईआईटी विश्वविद्यालय के महर्षि कपिल वन में एक भावपूर्ण और सराहनीय पहल की गई। स्वर्गीय सूबेदार मेजर बाबूलाल सेन की धर्मपत्नी एवं कुसुम लता, उषा देवी, नीलम और पूनम की पूज्य माताजी स्व. श्रीमती माया देवी की पवित्र स्मृति में पीपल का पवित्र वृक्ष रोपा गया।

परिवारजनों ने इस वृक्ष को प्रेमपूर्वक “माया वृक्ष” नाम दिया और इसके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि भारतीय संस्कृति में पीपल के वृक्ष को जीवन, आस्था, छाया और प्रकृति संरक्षण का प्रतीक माना जाता है। यह पहल केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि मां के प्रति श्रद्धा, प्रेम, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण का अद्भुत संगम है।
‘माया वृक्ष’ आने वाली पीढ़ियों को मातृशक्ति के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देता रहेगा। ‘माँ जीवन देती है, और पेड़ भी’ इसी भावना के साथ ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान समाज को हरियाली, संवेदनशीलता और संस्कारों से जोड़ने का प्रेरक कार्य कर रहा है।
परिवार के सदस्यों ने दिवंगत माताजी श्रीमती माया देवी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। इस नेक पहल से जुड़े सभी परिजनों और उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। विश्वविद्यालय परिसर में हुए इस भावुक आयोजन ने मातृत्व और प्रकृति के अटूट संबंध को एक नई परिभाषा दी।