कर्नाटक: पूर्व डीजीपी हत्याकांड में पत्नी गिरफ्तार, मिर्च पाउडर और चाकू से हत्या।

कर्नाटक: पूर्व डीजीपी ओम प्रकाश हत्याकांड में पत्नी पल्लवी गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में

बेंगलुरु: कर्नाटक के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओम प्रकाश की हत्या के मामले में पुलिस ने उनकी पत्नी पल्लवी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के समय ओम प्रकाश खाना खा रहे थे। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि पल्लवी ने उनकी हत्या कर दी। आरोप है कि पल्लवी ने पहले ओम प्रकाश पर मिर्च पाउडर फेंका, और जब वे जलन से राहत पाने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे, तो उसने उनकी गर्दन, पेट और छाती पर चाकू से 10-12 वार किए।

घटना के वक्त उनकी बेटी कृति भी घर में मौजूद थी। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या के बाद पल्लवी ने एक अन्य आईपीएस अधिकारी की पत्नी को मैसेज भेजा था, जिसमें लिखा था- “एक राक्षस को खत्म कर दिया।” बाद में, पल्लवी ने उन्हें फोन कर बताया कि उसने ओम प्रकाश की हत्या कर दी है। इसके बाद उस आईपीएस अधिकारी ने ही पुलिस को सूचना दी।

मृतक के बेटे कार्तिकेश ने अपनी मां और बहन पर हत्या का आरोप लगाया था। कार्तिकेश की शिकायत पर पूर्व डीजीपी की पत्नी और बेटी कृति पर हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया था। कार्तिकेश ने आरोप लगाया है कि उसकी मां पल्लवी पिछले एक सप्ताह से उसके पिता को जान से मारने की धमकी दे रही थी। धमकियों के कारण उनके पिता अपनी बहन के घर रहने चले गए थे। दो दिन पहले छोटी बहन कृति वहां गई और उन्हें उनकी मर्जी के खिलाफ वापस ले आई। कार्तिकेश का आरोप है कि दोनों अक्सर उसके पिता से झगड़ती थीं।

कार्तिकेश ने एक टीवी चैनल को बताया था कि उसकी मां पल्लवी गंभीर मानसिक बीमारियों से जूझ रही हैं। उनका 12 साल से सिजोफ्रेनिया (भ्रम, डर लगने की बीमारी) का इलाज चल रहा है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ओम प्रकाश और पत्नी पल्लवी के बीच संपत्ति को लेकर विवाद था। ओम प्रकाश ने प्रॉपर्टी किसी रिश्तेदार को ट्रांसफर कर दी थी, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था, जो बाद में हाथापाई तक पहुंच जाता था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हत्या में उनकी बेटी की कोई भूमिका है या नहीं।

बेंगलुरु के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को रविवार शाम करीब 4 बजे रिटायर्ड अफसर की मौत की सूचना मिली।

कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा, “ओम प्रकाश की हत्या कर दी गई है। शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि उनकी पत्नी ने अपराध किया है, लेकिन इसकी जांच चल रही है।”

1981 बैच के आईपीएस अधिकारी ओम प्रकाश ने 2015 से 2017 तक राज्य के डीजीपी और आईजीपी के रूप में काम किया। बिहार के मूल निवासी प्रकाश ने अपना करियर हरपनहल्ली (तत्कालीन बेल्लारी जिला) में एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (एएसपी) के तौर पर शुरू किया था। उन्होंने लोकायुक्त, फायर डिपार्टमेंट एंड इमरजेंसी सर्विस और क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (सीआईडी) में डीआईजी के रूप में भी काम किया। वे मार्च 2015 में राज्य के डीजीपी नियुक्त हुए और 2017 में रिटायर हुए थे।

अन्य खबर:

मेरठ हत्याकांड: मुस्कान-साहिल को फांसी होगी या उम्रकैद, सबूत पर्याप्त

मेरठ के सरकारी वकील आलोक पांडेय के अनुसार, मुस्कान और साहिल द्वारा कबूलनामे से मुकर जाने पर भी, सौरभ की हत्या के पर्याप्त सबूत मौजूद हैं। कटा सिर-हाथ पिलो कवर में रखे गए थे, और शरीर के चार टुकड़े तकिए के कवर में रखे गए थे। दो चाकू भी ड्रम में सीमेंट से जमा दिए गए थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *