कुरुक्षेत्र: गृह प्रवेश से पहले नए मकान में चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात
कुरुक्षेत्र, 15 अप्रैल: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक परिवार के नए मकान में गृह प्रवेश से कुछ घंटे पहले ही चोरों ने सेंध लगा दी। मॉडल टाउन स्थित मकान में 14 अप्रैल को गृह प्रवेश का मुहूर्त था, लेकिन उससे पहले ही 13 अप्रैल की रात चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया।
जानकारी के अनुसार, रजत बजाज नामक व्यक्ति ने मॉडल टाउन में नया मकान बनाया है। 13 अप्रैल की रात करीब 8:30 बजे वे परिवार के साथ मकान में सफाई करके ताला लगाकर अपने पुराने घर ज्योति नगर लौट गए थे। अगली सुबह 9 बजे जब वे वापस आए तो मुख्य द्वार का ताला तो लगा हुआ था, लेकिन अंदर सामान गायब था।
पीड़ित के अनुसार, चोर घर से मोटर, 6 पीतल की टोटियां, 4 दरवाजों के ऑटोमैटिक ताले और बाथरूम-किचन की फिटिंग चुरा ले गए। इससे उन्हें करीब 50 हजार रुपए का नुकसान हुआ है।
चोरी की यह वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में तीन युवक गली में घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने दीवार फांदकर मकान में प्रवेश किया था। फुटेज में उनके चेहरे भी साफ दिख रहे हैं।
पुलिस ने शिकायत पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
CCTV फुटेज में दिख रहे आरोपियों ने पहले रेकी की थी। वे रात करीब डेढ़ बजे मकान के पास से गुजरे और जायजा लिया। इसके 15 मिनट बाद वे दोबारा वापस आए और दीवार फांदकर मकान में दाखिल हुए।