सीकर में गर्मी से राहत के आसार, तापमान में गिरावट दर्ज
सीकर, 19 अप्रैल: जिले में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट होने की संभावना है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
आज सुबह सीकर में मौसम साफ रहा और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर पर आज सुबह न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुरुवार को यह 25.1 डिग्री सेल्सियस था। गुरुवार को अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
हालांकि गुरुवार को सीकर में सुबह बारिश हुई थी, लेकिन दोपहर में धूप तेज रही। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आज और कल सीकर में मौसम को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। अगले चार से पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन तापमान में गिरावट होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार 23 अप्रैल तक सीकर सहित प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी। 20 अप्रैल से हीटवेव से भी राहत मिलने की उम्मीद है।