बरवाला से महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, पुलिस ने दर्ज किया मामला
हिसार | हिसार जिले के बरवाला शहर में एक 23 वर्षीय महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। बरवाला पुलिस ने महिला के पति की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बरवाला नगरपालिका के वार्ड नंबर 8 निवासी अशोक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे किराए के मकान में परिवार के साथ रहते हैं। अशोक के अनुसार, वह 17 मार्च को मजदूरी के लिए पंजाब गए थे और 20 मार्च को वापस लौटने पर उन्हें उनकी पत्नी घर पर नहीं मिली।
आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर अशोक को पता चला कि उनकी पत्नी वार्ड नंबर 1 के रहने वाले अमन नामक युवक के साथ कहीं चली गई है। अशोक ने बताया कि अमन का मोबाइल नंबर भी बंद आ रहा है, जिससे संदेह और गहरा गया है।
अशोक ने अपनी लापता पत्नी की पहचान बताते हुए कहा कि उनका रंग सांवला, चेहरा गोल, शरीर पतला और कद 4.8 फुट है। घटना के समय उन्होंने जामुनी रंग का सलवार-कुर्ता पहना हुआ था।
अशोक ने पुलिस से गुहार लगाई है कि उनकी पत्नी को जल्द से जल्द ढूंढा जाए ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।
थाना बरवाला पुलिस ने इस मामले में धारा 127(6) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई सुभाष चंद्र को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।