सोनीपत में किसानों का प्रदर्शन, भगवंत मान का पुतला फूंका
खरखौदा, सोनीपत: भारतीय नौजवान किसान यूनियन के तत्वावधान में आज खरखौदा में पंजाब सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला फूंका और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
यूनियन के अध्यक्ष बेदी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में किसानों ने पंजाब सरकार पर किसानों के साथ ज्यादती करने का आरोप लगाया। उन्होंने शंभू बॉर्डर और खनौरी बॉर्डर पर शांतिपूर्ण धरना दे रहे किसानों की जबरन गिरफ्तारी की निंदा की।
किसानों का आरोप है कि पंजाब सरकार ने किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल और अन्य किसानों को अलोकतांत्रिक तरीके से गिरफ्तार किया है। उन्होंने मांग की कि बिना किसी केस के गिरफ्तार किए गए सभी किसान नेताओं को तत्काल रिहा किया जाए।
भारतीय नौजवान किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र उर्फ काला ने कहा कि पंजाब सरकार ने किसानों के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल को कोई नुकसान पहुंचता है तो पंजाब सरकार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
खरखौदा ब्लॉक के अध्यक्ष बेद प्रकाश उर्फ बेदी ने कहा कि सरकार किसानों की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है, लेकिन किसान झुकने वाले नहीं हैं। उन्होंने बताया कि जगजीत सिंह डल्लेवाल को जबरन उठाया गया और उनकी गाड़ी भी तोड़ दी गई, जिससे किसानों में आक्रोश और बढ़ गया है।
प्रदर्शन में बेदी प्रधान गोपालपुर, समुंदर फौजी गोरड, राज सिंह हलालपुर, वीरेंद्र शामड़ी, बुध सिंह छिनौली, बस्ती रोहणा सहित करीब 20 किसान शामिल रहे। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द रिहाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।