फतेहाबाद से किसानों का जत्था कुरुक्षेत्र के लिए रवाना, आज पिपली में होगा महासम्मेलन
फतेहाबाद, 25 अप्रैल। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले फतेहाबाद से किसानों का एक बड़ा जत्था गुरुवार को कुरुक्षेत्र के लिए रवाना हो गया। प्रदेशभर के किसान आज पिपली स्थित देवीलाल पार्क में एकत्रित होंगे, जहाँ एक विशाल महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
किसान नेता जगतार सिंह के नेतृत्व में टोहाना के कुला से भी किसानों का एक जत्था कुरुक्षेत्र के लिए प्रस्थान कर चुका है। किसान नेता मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पर प्रदर्शन कर सरकार पर दबाव बनाने की योजना बना रहे हैं।
अखिल भारतीय किसान सभा के प्रधान बलबीर सिंह, महासचिव सुमित दलाल और कोषाध्यक्ष डिंपल के निर्देशन में यह आंदोलन किया जा रहा है।
किसानों की प्रमुख मांगों में गेहूं की फसल पर बोनस की घोषणा, नई कृषि व्यापार नीति को रद्द करना और एमएसपी गारंटी कानून बनाना शामिल है। इसके अतिरिक्त, किसान बर्बाद फसलों का मुआवजा, किसान-मजदूरों को कर्जमुक्ति और स्मार्ट मीटर योजना को रद्द करने की भी मांग कर रहे हैं।
इस अवसर पर किसान नेता जगतार सिंह ने पंजाब सरकार की आलोचना करते हुए डेरा खनौरी बॉर्डर पर किसान नेताओं की गिरफ्तारी को निंदनीय बताया। उन्होंने केंद्र सरकार पर तीन कृषि कानून रद्द करने के बाद किए गए वादों से मुकरने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसान सरकार की इस मनमानी का डटकर विरोध करने के लिए तैयार हैं।