सिरसा और फतेहाबाद भाजपा जिलाध्यक्ष पद के लिए 68 कार्यकर्ताओं ने ठोकी दावेदारी
सिरसा/फतेहाबाद,| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हरियाणा इकाई ने सिरसा और फतेहाबाद जिलों के लिए नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन पदों के लिए कुल 68 कार्यकर्ताओं ने अपनी दावेदारी पेश की है, जिनमें से फतेहाबाद से 40 और सिरसा से 28 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
भाजपा संगठन द्वारा जिलाध्यक्ष पद के लिए निर्धारित आयु सीमा 45 से 60 वर्ष होने के कारण, सभी आवेदकों इसी आयु वर्ग के हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर एक पैनल तैयार कर हाईकमान को भेजा जाएगा। हाईकमान द्वारा सोमवार को जिलाध्यक्षों की सूची जारी करने की संभावना है।
सिरसा में प्रमुख दावेदार:
सिरसा में जिलाध्यक्ष पद के लिए 28 दावेदारों में कई प्रमुख नाम शामिल हैं, जिनमें पूर्व गृह राज्य मंत्री और हरियाणा लोकहित पार्टी के प्रमुख गोपाल कांडा के छोटे भाई गोबिंद कांडा, उड़ीसा के पूर्व राज्यपाल प्रोफेसर गणेशीलाल के बेटे मनीष सिंगला, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के राजनीतिक सचिव रह चुके जगदीश चोपड़ा के बेटे अमन चोपड़ा, मौजूदा जिलाध्यक्ष शीशपाल कंबोज, पूर्व जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह और निताशा सिहाग प्रमुख हैं।
फतेहाबाद में प्रमुख आवेदक:
फतेहाबाद में 40 कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष बनने की इच्छा जताई है। इनमें हरकोफेड के चेयरमैन वेद फुलां, राजपाल बैनीवाल, प्रवीण जोड़ा, जिला महामंत्री अशोक ढींगसरा, रिंकू मान, जगजीत हुड्डा, संजय रेवड़ी जैसे नाम शामिल हैं। फतेहाबाद में पांच महिलाओं ने भी आवेदन किए हैं। आवेदनों में 32 सामान्य वर्ग, 6 एससी वर्ग और 2 बीसी वर्ग से हैं।
विशेष स्थिति:
उल्लेखनीय है कि सिरसा और फतेहाबाद दोनों जिलों में भाजपा का एक भी विधायक नहीं है। इन जिलों में कुल आठ विधानसभा क्षेत्र हैं, जिनमें से 6 कांग्रेस और 2 इनेलो के विधायक हैं। यहां लोकसभा सांसद भी कांग्रेस की कुमारी सैलजा हैं। इन परिस्थितियों में नए जिलाध्यक्षों के लिए पार्टी को मजबूत करने की बड़ी चुनौती होगी।