जैसलमेर: तापमान में गिरावट से मिली राहत, बारिश की संभावना
जैसलमेर, : जैसलमेर जिले में तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। मंगलवार को दिन के तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से मामूली राहत मिली। हालांकि, रात का तापमान स्थिर रहा।
सोमवार को दिन का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था, लेकिन मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई है, लेकिन इसके बाद बारिश हो सकती है। कृषि मौसम वैज्ञानिक अतुल गालव ने बताया कि 13 मार्च से कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से 14-15 मार्च को हल्की बारिश की संभावना है।
तेज गर्मी से गेहूं की फसल को नुकसान की आशंका भी जताई जा रही है।
मंगलवार को आकाश में छाए बादलों ने गर्मी पर अंकुश लगाने का काम किया। दिन में बादलों के कारण धूप की तल्खी में कमी आई और तेज हवाओं के चलने से भी लोगों को सुकून मिला। उत्तरी दिशा की हवाओं के कारण गर्मी में कमी दर्ज हुई।
तापमापी के पारे में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट से मौसम काफी हद तक होली के पर्व के अनुकूल महसूस हुआ। रात में अब ठंडक का असर बहुत कम रह गया है और अधिकांश लोग घरों में रात के समय पंखे चलाकर सोने लगे हैं।