लगातार तीसरे दिन सर्दी से राहत, तापमान में वृद्धि।

टोंक में सर्दी का असर कम, तापमान में वृद्धि जारी

टोंक | टोंक जिले में पिछले तीन दिनों से सर्दी का प्रभाव कम होने से लोगों को राहत मिली है। हालांकि, सुबह-शाम और रात में अभी भी ठंड का असर बना हुआ है, लेकिन दोपहर में तेज धूप के कारण मौसम खुशनुमा हो गया है।

शनिवार को अधिकतम तापमान शुक्रवार की तुलना में एक डिग्री सेल्सियस बढ़कर 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, न्यूनतम तापमान में बीते 24 घंटों में दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। लगातार तीसरे दिन न्यूनतम तापमान बढ़ने से रात में सर्दी का एहसास कम हो रहा है।

आज सुबह सूर्योदय के बाद धीरे-धीरे सर्दी का असर कम होता गया और धूप निकलने के साथ ही लोगों को ठंड से राहत मिली। मौसम में हो रहे बदलाव के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। कभी रात में सर्दी बढ़ जाती है तो कभी दिन में। इसके चलते लोग मौसमी बीमारियों की चपेट में भी आ रहे हैं और जिले के अस्पतालों में मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष लगभग सवा चार महीने से सर्दी का मौसम चल रहा है। इस दौरान कोहरा छाया रहा, जिससे दिनचर्या काफी प्रभावित हुई। मावठ होने से फसलों को फायदा भी हुआ। तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला।

बीते गुरुवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस बढ़कर 30 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान भी दो डिग्री सेल्सियस बढ़कर 15 डिग्री सेल्सियस हो गया।

शनिवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस बढ़कर 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *