जींद के सिविल हॉस्पिटल में प्रसूति वार्ड में बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहाँ प्रसव करवाने के दौरान महिला के प्राइवेट पार्ट में रुई छोड़ दी गई, जिसकी वजह से महिला को संक्रमण हो गया।
सदर थाना क्षेत्र के एक गांव के निवासी ने बताया कि 21 अक्टूबर को प्रसव पीड़ा के चलते उनकी पत्नी को सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। 22 अक्टूबर को महिला ने नॉर्मल डिलीवरी से बच्ची को जन्म दिया। दो दिन बाद महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
लेकिन घर जाने के बाद महिला को तेज दर्द होने लगा। परिवार को लगा कि ये प्रसव के बाद होने वाला सामान्य दर्द है। लेकिन दवाइयां देने के बाद भी आराम नहीं मिला। फिर महिला को लगा कि उसके शरीर से रुई जैसा कुछ निकल रहा है।
इसके बाद परिजन उसे फिर से नागरिक अस्पताल ले गए। यहाँ महिला की जाँच की गई और उसके पेट से रुई निकाली गई। महिला के पति ने सिविल सर्जन को लिखित शिकायत देकर लापरवाही करने वाले चिकित्सकों और स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले पर सिविल सर्जन डॉक्टर गोपाल गोयल ने कहा कि महिला की डिलीवरी के वक्त डॉक्टरों द्वारा की गई गलती की शिकायत मिली है। अगर ऐसा हुआ है तो यह बड़ी लापरवाही है। लापरवाही साबित होने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की जाँच नागरिक अस्पताल के एमएस डॉ. अरविंद को सौंपी गई है। जल्द ही जाँच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।