नयापुरा थाना क्षेत्र के चंबल तट पर एक पेड़ पर एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस सूचना पाकर मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर एमबीएस अस्पताल ले आई। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित किया।
घटना शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की है। मृतक की पहचान श्याम बिहारी (42) के रूप में हुई है, जो किशनगंज, थाना बूढ़ादित का रहने वाला था। वर्तमान में वह नयापुरा इलाके के गांवड़ी दुर्गा माता मंदिर में किराए से रह रहा था।
परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मौत का स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आया है। मृतक के छोटे भाई नरेंद्र ने बताया कि श्याम बिहारी पिछले 7-8 सालों से कोटा में किराए पर रह रहा था। वह मंडी में मजदूरी करता था और उसकी 14 वर्षीय बेटी उसके साथ रहती थी। उसकी पत्नी की पहले ही मृत्यु हो चुकी है।
मृतक की भतीजी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे श्याम बिहारी घर से निकला था। उसने अपनी बेटी से खाना बनाने के लिए कहा था। दोपहर करीब तीन बजे भतीजी ने फोन करके श्याम बिहारी के शव के पेड़ पर लटके होने की जानकारी दी। इसके बाद परिवार वाले गांव से कोटा आए। उस समय तक शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में स्थानांतरित कर दिया गया था।
नयापुरा थाना हेड कॉन्स्टेबल भरत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का संदेह है। परिजनों ने बताया है कि श्याम बिहारी डिप्रेशन में था। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।