चार महीने की भगवान भोलेनाथ की भक्ति के समापन के रूप में आज जगह-जगह मनसा महादेव व्रत का उद्यापन किया गया। प्रतापगढ़ में भी सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ भगवान भोलेनाथ के मंदिरों में उमड़ी। भक्तों ने भगवान के अभिषेक और पूजन के साथ-साथ भजन-कीर्तन भी किया। श्रद्धालुओं ने भगवान को चूरमे का भोग लगाया।
प्रतापगढ़ के शिव मंदिरों में आज सुबह से ही मनसा महादेव व्रत रखने वाले भक्तों की कतारें देखी गईं। भक्त रमेश कुमार ने बताया कि श्रावण महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी से कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तक हर सोमवार को व्रत रखे जाते हैं। सोमवार के दिन भक्त निराहार और निर्जल रहते हुए उपवास करते हैं। यह व्रत परिवार में सुख-समृद्धि की कामना से किया जाता है। युवतियां अच्छे वर और महिलाएं अपने पति की लंबी आयु की कामना से यह व्रत करती हैं।
व्रत के समापन के दिन, भक्तों ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की और उन्हें चूरमे का भोग लगाया। मंदिरों में भजन और कीर्तन का भी आयोजन किया गया।