कुरुक्षेत्र में 7 नवंबर को राज्यस्तरीय छठ पूजा समारोह

7 नवंबर को कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय छठ पूजा महोत्सव का आयोजन होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री मनोहर लाल रहेंगे।

इससे पहले, शहर की विभिन्न संस्थाएं छठ महापर्व को अलग-अलग दिनों में मनाती थीं। पूर्व मंत्री सुभाष सुधा ने हस्तक्षेप करते हुए सभी संस्थाओं को इस पर्व को एक ही दिन मनाने के लिए राजी कराया। इसके बाद, पूर्व मंत्री ने ही मुख्यमंत्री को इस कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया था।

राज्य स्तरीय छठ महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कुरुक्षेत्र की नवनियुक्त उपायुक्त नेहा सिंह ने ब्रह्मसरोवर स्थित पुरुषोत्तमपुरा बाग में आयोजन स्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम से संबंधित दिशानिर्देश दिए। इसके बाद, उन्होंने अधिकारियों की बैठक ली और उन्हें निर्देश दिए।

बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के अधिकारियों ने भाग लिया।

उपायुक्त ने विभागों को दिए निर्देशों में कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य है कि कुरुक्षेत्र में कार्यभार संभालते ही यहां राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। 7 नवंबर को मुख्यमंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथि ब्रह्मसरोवर पर आरती में शामिल होंगे और उसके बाद पुरुषोत्तमपुरा बाग में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

नेहा सिंह ने कहा कि केडीबी, नगर परिषद और संस्था के प्रतिनिधि बेहतर समन्वय बनाकर आयोजन स्थल और उसके आसपास स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने जन स्वास्थ्य विभाग को पेयजल और वीआईपी शौचालय की व्यवस्था, दमकल विभाग को फायर ब्रिगेड की व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस और पुलिस विभाग को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी। केडीबी को पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान पटाखे न जलाए जाएं, ताकि पर्यावरण स्वच्छ रहे। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग अपने कार्य समय पर पूरा करें।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट, एसडीएम थानेसर कपिल शर्मा, सीईओ केडीबी पंकज सेतिया, नगराधीश डॉ. रमन गुप्ता, स्टेट ऑफिसर नसीब कुमार, डीआईपीआरओ धर्मेंद्र शर्मा, कार्यकारी अभियंता राजकुमार, एआईपीआरओ बलराम शर्मा, अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती मेला अथॉरिटी के सदस्य सौरभ चौधरी, ईओ अभय सिंह यादव, श्री गऊ गीता गायत्री सत्संग समिति के प्रधान अनिल कुमार शास्त्री, छठ पर्व सेवा समिति के प्रधान संतोष सारवान, श्री पूर्वांचल छठ पर्व महासभा के प्रधान राजीव कुमार रॉय सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *