फरीदाबाद में छठ का आरंभ, लोक आस्था का महापर्व हुआ शुरू
फरीदाबाद जिले में आज से नहाय-खाय के साथ लोक आस्था का महापर्व छठ प्रारंभ हो गया है। छठ व्रतियों ने आज अपने घरों में छठ गीत गाए और कद्दू-भात बनाकर पहला प्रसाद ग्रहण किया।
छठ व्रतियों ने बताया कि लोक आस्था का यह त्योहार चार दिनों तक चलेगा। पहले दिन नहाय-खाय के साथ इसकी शुरुआत होती है। इस दिन व्रती गंगा में स्नान करते हैं और घर आकर मिट्टी के चूल्हे पर लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल बनाकर प्रसाद के रूप में ग्रहण करते हैं।
दूसरे दिन खरना किया जाता है। इस दिन शाम के समय गुड़ और चावल का खीर बनाकर प्रसाद के रूप में खाया जाता है। तीसरे दिन संध्या के समय व्रती घाट पर जाकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ का समापन किया जाता है।
छठ व्रतियों ने बताया कि यह व्रत संतान प्राप्ति और घर में सुख-समृद्धि के लिए रखा जाता है। महिलाओं ने कहा कि छठ पर्व की शुरुआत मुंगेर जिले में सीता माता ने की थी। तभी से यह पर्व यूपी-बिहार में बड़े ही धूमधाम से मनाया जाने लगा है। लोक आस्था के इस महापर्व को लोग अब पूरे भारत में बड़े ही उत्साह से मनाते हैं।