सोनीपत में बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार को भयंकर आग
सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत में बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार सुबह प्लास्टिक और लोहे का सामान बनाने वाली दो फैक्ट्रियों में भीषण आग लग गई। आग से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
बताया जा रहा है कि दोनों फैक्ट्रियों में आग से भारी नुकसान हुआ है। जीटी रोड पर स्थित बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में प्लाट नंबर 137 पर प्लास्टिक का सामान बनाया जाता है। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे फैक्ट्री में धुआं उठने और आग लगने की सूचना मिली।
प्लास्टिक के सामान होने के कारण आग तेजी से फैली और पास की फैक्ट्री नंबर 138 भी आग की चपेट में आ गई। वहां लोहे के बर्नर बनाने का काम होता है।
दोनों फैक्ट्रियों में आग लगने की खबर मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की टीमों को पानी के साथ आग बुझाने के लिए फोम का प्रयोग करना पड़ा। गन्नौर के अलावा सोनीपत से भी फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां यहां पहुंचीं।