पीके का खुलासा: चुनाव के लिए लेता था 100 करोड़

प्रशांत किशोर ने पार्टियों और नेताओं से 100 करोड़ रुपये से ज्यादा फीस लेने की बात कही है। 31 अक्टूबर को गया की बेलागंज विधानसभा में अपने उम्मीदवार के प्रचार के दौरान उन्होंने यह बात कही। प्रशांत ने कहा, “दस राज्यों में मेरी बनाई हुई सरकारें चल रही हैं। लोग अक्सर पूछते हैं कि मैं अपने अभियान के लिए पैसे कहां से लाता हूं। मेरी बनाई हुई सरकारें आज देश के 10 राज्यों में शासन कर रही हैं। तो क्या हमको अपने अभियान के लिए टेंट और तंबू लगाने के लिए पैसा नहीं मिलेगा? क्या आपने मुझे इतना कमजोर समझ रखा है?”

13 नवंबर को बिहार की 4 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं और प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने भी सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। बेलागंज से मोहम्मद अमजद, इमामगंज से जितेंद्र पासवान, रामगढ़ से सुशील कुमार सिंह कुशवाहा और तरारी से किरण सिंह पार्टी के उम्मीदवार हैं। उपचुनाव का नतीजा 23 नवंबर को आएगा।

प्रशांत किशोर ने 2 अक्टूबर को बिहार में दो साल की पदयात्रा के बाद जन सुराज पार्टी की स्थापना की थी। एससी समुदाय से आने वाले मनोज भारती को जन सुराज का कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया है। प्रशांत किशोर कभी सीएम नीतीश कुमार के करीबी माने जाते थे और उन्होंने उनके लिए चुनाव प्रचार भी किया था। 2018 में नीतीश कुमार ने प्रशांत किशोर को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी बनाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *