बीजेपी पर चुनाव तिथि बदलने के लिए बरसे अजय सिंह यादव
हरियाणा के रेवाड़ी में आज पूर्व बिजली मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने विधानसभा चुनाव की तारीख बदलने के लिए बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तारीख बदलने से परिणाम नहीं बदलेंगे।
स्वर्गीय राव अभय सिंह की जयंती पर उनके पिता की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने शहर पहुंचे अजय सिंह यादव ने कहा कि तारीख बदलवाने से बीजेपी की घबराहट स्पष्ट हो गई है। उन्होंने इलेक्शन कमीशन पर बीजेपी के कहने पर चलने का आरोप लगाया।
उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में कांग्रेस की लहर है। सर्वे में कांग्रेस के पक्ष में नतीजे सामने आ रहे हैं, जिसके बाद टिकट वितरित किए जाएंगे। अजय सिंह यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है।
रेवाड़ी विधायक चिरंजीव राव ने कहा कि हरियाणा में बीजेपी की स्थिति खराब है। इलेक्शन कमीशन पर दबाव डालकर चुनाव की तारीख को बदलवाया गया है। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और भाजपा का तानाशाही रवैया है।
चिरंजीव राव ने कहा कि लोकतंत्र खतरे में है और जनता बदलाव चाहती है। 8 अक्टूबर को कांग्रेस की सरकार बनेगी। विपक्ष पर ईडी की कार्रवाई पर उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले विपक्ष की आवाज दबाने के लिए ईडी का इस्तेमाल किया जा रहा है।
