नेशनल हाईवे-48 पर बड़ा हादसा: रोडवेज बस ट्रक में घुसी, चालक गंभीर घायल, कई सवारियां चोटिल

नीमराना (रमेशचंद), 24 मार्च। दिल्ली जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर जनकसिंहपुरा गांव के पास गुरुवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें दिल्ली से सीकर जा रही राजस्थान रोडवेज की बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कई सवारियों को चोटें आई हैं।

हादसा उस समय हुआ जब ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे चल रही रोडवेज बस का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को सचखंड हॉस्पिटल की एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। हादसे में बस चालक प्रताप सिंह (40) पुत्र भगवान सिंह, निवासी कलोटा (तहसील खेतड़ी, जिला झुंझुनू) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है और उसका अस्पताल में उपचार जारी है।

बस में सवार कंडक्टर संजू पत्नी अशोक सिंह निवासी सीकर और रणवीर निवासी सीकर को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि आसिफ (21) पुत्र अमानत अली निवासी उदयपुरवाटी का अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन ग्रामीणों की तत्परता से समय रहते घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *