अलवर शहर के भैरू का चबुतरा इलाके में एक जीर्ण-शीर्ण मकान के कमरे में 55 वर्षीय संजय का शव पाया गया। संजय भैरू का चबुतरा का निवासी था और मदनलाल का पुत्र था। कमरे में संजय अपनी पत्नी के साथ रहता था।
पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम से जानकारी मिलने के बाद वे घटनास्थल पहुंचे। जांच में पता चला कि मृतक का नाम संजय है। वह अपनी पत्नी के साथ जीर्ण-शीर्ण मकान में रहता था और दोनों कूड़ा-कचरा बीनने का काम करते थे। संजय शराब का भी सेवन करता था।
संजय की पत्नी नीलम पूरी तरह से मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं है और वह भी कूड़ा-कचरा बीनने का काम करती है। मकान में बिखरा कूड़ा-कचरा भी पाया गया।
पुलिस ने बताया कि संजय और नीलम का परिवार से कोई खास रिश्ता नहीं था। उनका एक परिचित 60 फुट रोड पर रहता था, जिसे सूचना दी गई है। नीलम मूल रूप से बिहार की रहने वाली है।