जोधपुर के राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत केरू गांव के खनन क्षेत्र में एक पत्थर कटिंग फैक्ट्री के मालिक की हत्या से सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित अर्जुन सिंह (45) की फैक्ट्री में पत्थर परिवहन करने वाले महावीर और राजू सिंह के साथ विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि परिवहनकर्ताओं ने अर्जुन सिंह पर पत्थर उठाने वाली लकड़ी से जानलेवा हमला कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अर्जुन सिंह को कायलाना रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गई। हालांकि, अस्पताल पहुंचने तक अर्जुन सिंह की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अर्जुन सिंह नारवा खींचियां गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में शिकारगढ़ की तिरुपति विहार कॉलोनी में निवास करते थे। वह पिछले 15 वर्षों से केरू में पत्थर कटिंग फैक्ट्री और खदान का संचालन कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार दोपहर करीब 3 बजे पत्थर की पटिया परिवहन करने के विवाद को लेकर हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *