भारत-पाक सीमा पर फंसा हिरण, BSF ने बचाया।

भारत-पाक सीमा पर BSF जवानों ने हिरण को बचाया, मानवता की मिसाल पेश की

जैसलमेर: भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित तारबंदी में एक हिरण के फंस जाने से BSF (सीमा सुरक्षा बल) के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसकी जान बचाई। जैसलमेर स्थित BSF के क्षेत्रीय मुख्यालय की 38वीं वाहिनी के जवानों ने गश्त के दौरान यह घटना देखी।

कमांडेंट राकेश पंवार ने बताया कि सीमा पर गश्त कर रहे जवानों ने तारबंदी में एक हिरण को बुरी तरह से फंसा हुआ पाया। कंटीली तारों में फंसने से हिरण घायल हो गया था। जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हिरण को तारबंदी से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार दिया।

इसके बाद, कमांडेंट पंवार ने वन अधिकारी पवन विधूड़ी को सूचित किया, जिसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। BSF के जवानों ने घायल हिरण को वन विभाग की नर्सरी 192 RD तक पहुंचाया, जहां उसे वन रेंज के अधिकारियों को सौंप दिया गया।

113 RD वन्य रेंज के अधिकारियों ने BSF जवानों के इस मानवीय कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।

कमांडेंट पंवार ने कहा कि BSF न केवल देश की सीमाओं की रक्षा के लिए तत्पर है, बल्कि हर परिस्थिति में निस्वार्थ सेवा, मानवता और जीवों के प्रति संवेदनशीलता का परिचय भी देती है। उन्होंने आगे कहा कि BSF के जवानों द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता संगठन की महान परंपराओं को दर्शाती है और कर्तव्य, निष्ठा और बलिदान के अपने आदर्श वाक्य को चरितार्थ करती है। BSF सदैव देश, समाज और प्रकृति की रक्षा के लिए तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *