चूरू: आवारा सांड ने पूर्व सैनिक को मार डाला

आवारा सांड के हमले में पूर्व सैनिक की मौत, चूरू में शोक

चूरू, 28 मई। चूरू शहर की शिव कॉलोनी में रविवार को एक दर्दनाक घटना में आवारा सांड के हमले से एक पूर्व सैनिक की जान चली गई। मृतक की पहचान 72 वर्षीय मानसिंह के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, मानसिंह अपनी दुकान के सामने खड़े थे, तभी वहां कुछ सांड आपस में लड़ने लगे। इसी दौरान एक सांड ने पीछे से उन पर हमला कर दिया, जिससे वे सड़क पर गिर गए।

गंभीर रूप से घायल मानसिंह को तुरंत सरकारी डीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाली थाना के हैड कॉन्स्टेबल प्रेमचंद ने बताया कि भूपेंद्र सिंह ने घटना की प्राथमिक जानकारी पुलिस को दी।

अस्पताल चौकी पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाकर कोतवाली पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है। घटना की खबर मिलते ही भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र सैनी, अन्य जनप्रतिनिधि और मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और स्थानीय लोगों ने आवारा पशुओं की समस्या पर अंकुश लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *