पिंडवाड़ा: जीप नदी में पलटने से 3 गंभीर रूप से घायल, 30 यात्री थे सवार
स्वरूपगंज, पिंडवाड़ा: पिंडवाड़ा तहसील के स्वरूपगंज थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। लौटना रोड पर सुबह लगभग 4 बजे एक जीप नदी में पलट गई, जिससे उसमें सवार 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, जीप में कुल 30 यात्री सवार थे और वे सभी एक मेले से वापस लौट रहे थे। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों की पहचान हितेश पुत्र विजयराम, पिया राम पुत्र नरसाराम और सेमली निवासी मुकेश पुत्र पूसाराम के रूप में हुई है। जीप में सवार अन्य यात्रियों को भी चोटें आई हैं, जिनमें से कुछ को मामूली और कुछ को अधिक चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस 108 मौके पर पहुंची और सभी घायलों को प्राथमिक उपचार देकर स्वरूपगंज के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। स्वरूपगंज थाने के सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, तीन गंभीर रूप से घायल बेहोशी की हालत में मिले थे। हादसे के बाद अन्य यात्री घटनास्थल से फरार हो गए।
गंभीर घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, यह हादसा लौटना गांव में आयोजित मेले से वापस लौटते समय हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।