कोटा-बूंदी संसदीय क्षेत्र की सड़क परियोजनाओं की समीक्षा, समयबद्ध पूर्णता पर जोर
नई दिल्ली: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज नई दिल्ली में कोटा-बूंदी संसदीय क्षेत्र में चल रही सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
अध्यक्ष बिरला ने अधिकारियों को सभी चल रही परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए इन परियोजनाओं के महत्व पर प्रकाश डाला।
बैठक में एनएच-52 के देवली-कोटा खंड पर स्थित सथूर फ्लाईओवर को तीन लेन से छह लेन करने का प्रस्ताव रखा गया। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना के लिए संशोधित अनुमान तैयार किया जा रहा है।
बड़ा नयागांव में अंडरपास और सर्विस रोड के निर्माण को लेकर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इस परियोजना के लिए अनुमोदन इसी सप्ताह मिलने की संभावना है।
इसके अतिरिक्त, अकतासा, बरुंधन तिराहा और तालेड़ा बाईपास के सुधार कार्यों को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इन कार्यों के लिए क्रमशः 29.02 करोड़ और 41.11 करोड़ रुपये के प्रस्ताव स्वीकृत हो चुके हैं। अधिकारियों ने जानकारी दी कि इन कार्यों के लिए जल्द ही निविदाएं जारी की जाएंगी, जिससे निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जा सके। बिरला ने अधिकारियों से इन परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने को भी कहा।