बाड़मेर में पश्चिमी विक्षोभ का असर, तापमान में उतार-चढ़ाव
बाड़मेर, राजस्थान। पश्चिमी विक्षोभ के चलते बाड़मेर जिले में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजस्थान के कई जिलों में हुई बारिश और ओलावृष्टि का प्रभाव बाड़मेर शहर में भी देखा जा रहा है। पिछले दो दिनों से आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
रविवार को न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट आई। सुबह ठंडी हवा चलने से गर्मी का असर कम रहा, लेकिन धूप निकलने के बाद गर्मी बढ़ गई। दोपहर में आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई, जिससे धूप और छांव का खेल चलता रहा।
मार्च की शुरुआत में गर्मी के तेवर तेज हो गए थे और दिन-रात में ठंड गायब हो गई थी। तापमान लगातार बढ़ रहा था। लेकिन पिछले दो-तीन दिनों से तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। पड़ोसी जिले में हुई बारिश और बादलों के कारण शनिवार को अधिकतम तापमान 2 डिग्री गिरकर 35.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री गिरकर 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट के साथ 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों तक मौसम स्थिर रहने की संभावना जताई है। इसके बाद तापमान बढ़ने के साथ गर्मी का असर भी तेज होगा। आगामी दिनों में धूलभरी आंधियों का दौर शुरू हो सकता है।