चूरू में नशे में धुत्त दो युवक गिरफ्तार, पुलिस से भी उलझे
चूरू, | चूरू के सदर थाना क्षेत्र में सोमवार रात रेलवे कॉलोनी फाटक के पास दो युवकों के बीच झगड़े की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
सदर थाना के हेड कॉन्स्टेबल कमांडो संजय चौधरी ने बताया कि हरियाणा के भटूकला निवासी जगवीर सिंह (20) और अंकुश (21) को हिरासत में लिया गया है। दोनों युवक नशे की हालत में थे और पुलिस के समझाने पर भी वे शांत नहीं हुए, बल्कि पुलिस से भी उलझने लगे।
पुलिस ने दोनों युवकों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है और उन्हें आज एसडीएम के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हरियाणा के रहने वाले ये दोनों युवक चूरू में किस काम से आए थे और झगड़े का क्या कारण था। आगे की जांच जारी है।