उदयपुर: गुमानिया पुलिया के नीचे मिला नवजात का शव, फैली सनसनी
उदयपुर, | अंबामाता थाना क्षेत्र के पंचवटी स्थित गुमानिया पुलिया के नीचे आज सुबह एक नवजात शिशु का शव मिलने से सनसनी फैल गई। नवजात लड़का था और उसे सफेद चादर में लपेटा गया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शव के सिर और पेट पर खून के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका है कि उसे लगभग 20 फीट ऊंची पुलिया से फेंका गया होगा। आसपास के लोगों ने शव को देखकर तत्काल पुलिस को सूचित किया।
अंबामाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिया पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने भीड़ को हटाकर यातायात सुचारू रूप से बहाल कराया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए एमबी हॉस्पिटल मोर्चरी में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को रात में जिंदा फेंका गया था या मृत।
थानाधिकारी मुकेश सोनी ने बताया कि पुलिया के नीचे नवजात को फेंकने वाले की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।