उदयपुर में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: एफसीआई गोदाम और तीन दुकानें सीज
उदयपुर, | उदयपुर नगर निगम ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय खाद्य निगम (FCI) के गोदाम को सीज कर दिया। यह कार्रवाई नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) की बकाया राशि जमा न करने के कारण की गई। इसके साथ ही, शक्तिनगर स्थित बाजार में तीन दुकानों को भी सील किया गया।
नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि ठोकर चौराहा से पुरोहितों की मादड़ी जाने वाले रास्ते पर स्थित भारतीय खाद्य निगम परिसर को सीज किया गया। उन्होंने कहा कि एफसीआई पर 4,89,964 रुपए का यूडी टैक्स बकाया था। इस परिसर में भारत सरकार की ओर से खाद्यान्न की खरीद, भंडारण और वितरण का कार्य किया जाता है।
राजस्व अधिकारी नीतिश भटनागर ने जानकारी दी कि शक्तिनगर के निराला मार्ग पर स्थित तीन व्यावसायिक दुकानों को भी सील किया गया है। इन दुकानों पर नगर निगम का 5,07,833 रुपए का यूडी टैक्स बकाया था।
आयुक्त राम प्रकाश ने स्पष्ट किया कि नगरीय विकास कर की वसूली सरकार द्वारा हर हाल में की जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा एक वर्ष पश्चात इस कर में छूट प्रदान की गई है, जिसका शहरवासी लाभ उठाते हुए अपना टैक्स जमा कर सकते हैं।
धुलंडी को छोड़कर प्रतिदिन जमा होगा यूडी टैक्स
आयुक्त ने यह भी बताया कि नगर निगम में यूडी टैक्स जमा करने का काउंटर धुलंडी के अवकाश को छोड़कर प्रतिदिन खुला रहेगा। 31 मार्च तक अवकाश के दिनों में भी कमरा नंबर 62 में यूडी टैक्स से संबंधित सभी कार्य किए जाएंगे। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपना बकाया यूडी टैक्स जमा करवाएं।