नागौर: जायल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर लालिमा अभियान का शुभारंभ, महिलाओं को एनीमिया मुक्त करने का संकल्प
नागौर, 8 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नागौर जिले के जायल उपखंड में लालिमा अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का उद्देश्य उपखंड क्षेत्र की सभी महिलाओं, युवतियों और किशोरियों को एनीमिया (खून की कमी) से मुक्त करना है।
जायल की विधायक और महिला व बाल विकास विभाग की राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार के निर्देशन में इस अभियान की शुरुआत हुई। राज्यमंत्री डॉ. बाघमार ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “एनीमिया मुक्त जायल” की दिशा में सबसे पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं में खून की कमी दूर करने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि इससे समाज में एक सकारात्मक संदेश जाएगा और महिलाएं भी इस अभियान से बेहतर ढंग से जुड़ सकेंगी।
जायल सीडीपीओ हर्षा वर्मा ने जानकारी दी कि प्रथम चरण में 350 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की स्क्रीनिंग की गई, जिसमें से 150 में एनीमिया पाया गया। उन्होंने बताया कि जायल उपखंड में कुल 241 आंगनबाड़ी केंद्र हैं।
उन्होंने आगे बताया कि सभी महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की हीमोग्लोबिन, शुगर और बीपी की बेसिक स्क्रीनिंग की गई है। वर्तमान में एनिमिक महिलाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके पश्चात शुगर से प्रभावितों को चिह्नित किया जाएगा और स्वास्थ्य विभाग के साथ सूची साझा करके विभागीय स्तर पर उनका उपचार शुरू किया जाएगा।
सीडीपीओ हर्षा वर्मा ने बताया कि सभी एनिमिक रोगियों को फोलिक एसिड और आयरन की दवाई दी जाएगी और एक महीने बाद उनकी फिर से स्क्रीनिंग की जाएगी। इस अभियान में ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. रतनाराम बिड़ियासर स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर रहे हैं।