नागौर: जायल में पुलिस वाहन को टक्कर, हेड कांस्टेबल की मौत, दो घायल
नागौर | नागौर जिले के जायल थाना क्षेत्र में खिंयाला रोड पर बीती रात एक दर्दनाक घटना में बदमाशों ने पुलिस के गश्ती वाहन को टक्कर मार दी। इस हादसे में हेड कांस्टेबल प्रहलाद राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो कांस्टेबल महेश मीणा और रामगोपाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, जायल थाना की डायल 112 बोलेरो गाड़ी गश्त कर रही थी। खिंयाला रोड पर जाट हाॅस्टल के सामने एक फाॅर्च्युनर गाड़ी संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। लेकिन, फाॅर्च्युनर सवार बदमाशों ने पुलिस वाहन को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस की गाड़ी में आग लग गई।
हादसे में घायल दोनों कांस्टेबलों को तत्काल जायल के उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें नागौर रेफर कर दिया गया है। पुलिस हेड कांस्टेबल प्रहलाद राम के निधन पर नागौर पुलिस में शोक की लहर है।
नागौर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने बताया कि बदमाशों की गाड़ी की सघन तलाश जारी है। पूरे जिले और सभी सीमावर्ती जिलों में नाकाबंदी कर दी गई है। जायल थानाधिकारी मुकेश कुमार वर्मा मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस फरार बदमाशों को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।