बीकानेर: जैसलमेर रोड पर अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी
बीकानेर, 19 मई। जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के भ्रमण के बाद बीकानेर के जैसलमेर रोड पर अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू हो गया है। शुक्रवार से शुरू हुआ यह अभियान रविवार तक चलेगा।
जिला प्रशासन राष्ट्रीय राजमार्ग को चौड़ा करने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क के मध्य से लगभग 75 फीट के दायरे में आने वाले सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया जा रहा है। प्राइवेट बस स्टैंड के आसपास की कई दुकानें और कोठारी अस्पताल के पास लगे ठेले हटाए जा रहे हैं। एक भवन के आगे बनी पार्किंग दीवार को भी तोड़ा गया है।
प्रशासन ने महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय तक बने सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने के निर्देश दिए हैं। दुकानदारों को स्वयं अवैध निर्माण हटाने का समय दिया गया है, अन्यथा प्रशासन उन्हें ध्वस्त कर देगा और तोड़फोड़ का खर्च भी उनसे वसूला जाएगा।
प्रशासन आम कब्जों को हटा रहा है, लेकिन प्राइवेट बस स्टैंड और चुंगी चौकी क्षेत्र में सड़क से कुछ दूरी पर बने मंदिरों को नहीं हटाया जाएगा।
अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर लाल निशान लगाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को कुछ पक्के निर्माण पर भी लाल निशान लगाए गए थे, जिन्हें जल्द ही तोड़ा जा सकता है। इनमें कोठारी अस्पताल के पास बनी कुछ दुकानें शामिल हैं।
यह कार्रवाई फिलहाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही हो रही है। राजमार्ग के पास स्थित गलियों में अतिक्रमण पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। घरों के आगे रैंप बनाकर मार्ग को छोटा करने वालों के खिलाफ भी फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
फोटो : श्रीराम रामावत, बीकानेर